Print this page

हज़रत फ़ातेमा ज़हरा (स) पवित्रता और ईश्वरीय मारफ़त का संपूर्ण आदर्श

Rate this item
(0 votes)
हज़रत फ़ातेमा ज़हरा (स) पवित्रता और ईश्वरीय मारफ़त का संपूर्ण आदर्श

हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लेमीन काज़िम सिद्दीक़ी ने कहा कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स) पवित्रता, तक़वा और ईश्वर की सच्ची पहचान का संपूर्ण आदर्श हैं। उनकी वास्तविक मारफ़त हासिल करने के लिए आवश्यक है कि इंसान अपने दिल को ईर्ष्या, अहंकार और अन्य नैतिक बुराइयों से पाक करे तथा अल्लाह की बंदगी का रास्ता अपनाए।

 हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लेमीन काज़िम सिद्दीक़ी ने तेहरान की मस्जिद अमीरुल मोमिनीन (अ) में अय्यामे शहादते हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स) के अवसर पर आयोजित मजलिसे अज़ा को संबोधित करते हुए कहा कि क़ुरआने मजीद की आयते ततहीर में अहलेबैत (अ) के उच्च स्थान और उनकी पवित्रता को बयान किया गया है। पवित्रता केवल एक शब्द या मानसिक अवधारणा नहीं, बल्कि एक वास्तविकता है। इसे समझने के लिए इंसान को स्वयं भी अपने आंतरिक अस्तित्व को पाक करना होगा।

हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लेमीन सिद्दीक़ी ने कहा कि इमामत एक निरंतर और अविभाज्य वास्तविकता है। ऐसा नहीं हो सकता कि कोई व्यक्ति एक इमाम की इमामत को स्वीकार करे और दूसरे इमाम की इमामत का इनकार कर दे। उन्होंने ज़ियारते जामेआ-ए-कबीरा का उल्लेख करते हुए कहा कि अहलेबैत (अ) के सभी इमामों का नूर, रूह और मूल एक ही है तथा हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स) इस नूरानी सिलसिले का एक महत्वपूर्ण केंद्र हैं।

उन्होंने आगे कहा कि अहलेबैत (अ) की दुआएँ और ज़ियारतें केवल सवाब हासिल करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके ज़रिए अल्लाह तआला और उसके औलिया की वास्तविक पहचान भी प्राप्त की जा सकती है। एक मोमिन को चाहिए कि वह दुआ के माध्यम से अल्लाह से सही मारफ़त और सच्ची समझ की तलब करे, ताकि फ़ितनों और अक़ीदे से जुड़े संदेहों के दौर में उसका ईमान मज़बूत बना रहे।

उन्होंने ईर्ष्या, अहंकार और दुनिया से अत्यधिक मोहब्बत को आध्यात्मिक उन्नति की राह में बड़ी रुकावट बताते हुए कहा कि हसद सबसे पहले इंसान की अपनी रूह को नुकसान पहुँचाता है। इंसान को दुनिया के अस्थायी लाभ के लिए अपने धर्म और धार्मिक मूल्यों का सौदा नहीं करना चाहिए।

हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन सिद्दीक़ी ने इमाम ज़माना (अ) के साथ सच्चा संबंध स्थापित करने पर ज़ोर देते हुए कहा कि एक मोमिन को इमाम ज़माना (अ) की जुदाई का एहसास होना चाहिए और उनके ज़ुहूर के लिए दुआ करते रहना चाहिए।

अंत में उन्होंने राष्ट्रीय एकता, सतर्कता तथा धार्मिक और राष्ट्रीय मूल्यों की रक्षा पर ज़ोर देते हुए कहा कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स) की सीरत हमें अपने आंतरिक अस्तित्व को पाक करने, नैतिक बुराइयों से दूर रहने और अल्लाह तआला की बंदगी अपनाने की शिक्षा देती है।

Read 1 times