हौज़ा ए इल्मिया के शिक्षक हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन मोहम्मद मेहदी मांदगारी ने कहा कि इस्लामी क्रांति के शहीद रहबर हज़रत आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली खामेनेई, हज़रत फ़ातिमा ज़हरा स.अ. की मजलिसों को केवल भावनाओं के इज़हार का माध्यम नहीं, बल्कि एक बेहतरीन प्रशिक्षण केंद्र मानते थे। इन मजलिसों के माध्यम से विलायत की सच्चाई बयान करने के साथ-साथ दूसरे धर्मों के पवित्र धार्मिक प्रतीकों का सम्मान भी किया जा सकता है।
हौज़ा ए इल्मिया के शिक्षक हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन मोहम्मद मेहदी मांदगारी ने कहा कि शहीद रहबर आयतुल्लाह सैयद अली खामेनेई के साथ मजलिसों में शामिल होने की यादें आज भी उनके लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि शहीद रहबर एक ओर मुसलमानों के बीच एकता के समर्थक थे, तो दूसरी ओर हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) और अहलेबैत (अ.स.) के दुखों पर अज़ादारी करने वाले भी थे। उनके विचार में इन दोनों बातों के बीच कोई विरोधाभास नहीं था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एकता का अर्थ अपने धार्मिक विश्वासों और मान्यताओं से पीछे हटना नहीं है, बल्कि साझा दुश्मनों और साझा मूल्यों को ध्यान में रखते हुए मुसलमानों तथा अन्य एकेश्वरवादी धर्मों के बीच एकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि शहीद रहबर का दृष्टिकोण भी यही था और वे अपने समय में इस्लामी एकता के प्रमुख समर्थकों में से थे।
हुज्जतुल इस्लाम मांदगारी ने कहा कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) की अज़ादारी धार्मिक परंपराओं के सम्मान, ईश्वर की निकटता प्राप्त करने और अहलेबैत (अ.स.) से प्रेम व्यक्त करने का माध्यम है। इसी कारण शहीद रहबर इन मजलिसों को एक प्रशिक्षण केंद्र मानते थे। उनके अनुसार, हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) की सीरत इंसान को विलायत का महत्व समझाती है और बताती है कि विलायत से दूरी इंसान को अंधकार की ओर ले जाती है।
उन्होंने शहीद रहबर की हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) के प्रति गहरी श्रद्धा का उल्लेख करते हुए कहा कि आपकी महान हस्ती केवल महिलाओं के लिए ही नहीं, बल्कि पुरुषों और तमाम अहले विलायत के लिए भी आदर्श है। हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) ने लोगों को विलायत के मार्ग पर बनाए रखने और उन्हें सत्य के रास्ते से भटकने से बचाने के लिए संघर्ष किया।
मजलिसों में शहीद रहबर के व्यवहार का उल्लेख करते हुए उन्होंने तीन महत्वपूर्ण विशेषताएं बताईं। पहली यह कि वे पूरी एकाग्रता और विशेष ध्यान के साथ मजलिस में शामिल होते थे। मिम्बर पर कोई भी आलिम हो, कुरआन की तिलावत करने वाला या नौहा पढ़ने वाला कोई भी हो, वे मजलिस की शुरुआत से लेकर अंत तक पूरी तवज्जो के साथ उसकी बातें सुनते थे।
दूसरी विशेषता यह थी कि वे हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) और अहलेबैत (अ.स.) के दुखों को याद करके दिल खोलकर गिरया करते थे। तीसरी बात यह थी कि उन्हें लोगों की निगाहों और विचारों की कोई परवाह नहीं होती थी। उनकी पूरी तवज्जो अपनी मां हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) की अज़ादारी पर केंद्रित रहती थी।