Print this page

शैक्षणिक शोध और बौद्धिक प्रशिक्षण के केंद्रों में पुस्तकालयों की भूमिका को प्रभावी बनाया जाए

Rate this item
(0 votes)
शैक्षणिक शोध और बौद्धिक प्रशिक्षण के केंद्रों में पुस्तकालयों की भूमिका को प्रभावी बनाया जाए

हौज़ा इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह अली रज़ा आराफ़ी ने कहा है कि हौज़ा इल्मिया के पुस्तकालयों को केवल किताबें जमा करने और सुरक्षित रखने के स्थान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें ज्ञान के सृजन, आदान-प्रदान, प्रसार और बौद्धिक प्रशिक्षण के सक्रिय केंद्रों में बदलना चाहिए। उन्होंने पुस्तकालयों के प्रबंधकों की व्यावसायिक एवं शैक्षणिक क्षमताओं को महत्व देने पर भी ज़ोर दिया।

हौज़ा इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह अली रज़ा आराफ़ी ने कहा है कि हौज़ा इल्मिया के पुस्तकालयों को केवल किताबें जमा करने और सुरक्षित रखने के स्थान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें ज्ञान के सृजन, आदान-प्रदान, प्रसार और बौद्धिक प्रशिक्षण के सक्रिय केंद्रों में बदलना चाहिए। उन्होंने पुस्तकालयों के प्रबंधकों की व्यावसायिक एवं शैक्षणिक क्षमताओं को महत्व देने पर भी ज़ोर दिया।

पुस्तक एवं अध्ययन सप्ताह के अवसर पर जारी अपने संदेश में आयतुल्लाह आराफ़ी ने कहा कि किताबें और पुस्तकालय मानव जीवन, शैक्षणिक संस्थानों तथा हौज़ा इल्मिया के विकास में बुनियादी भूमिका निभाते हैं। यह अवसर इस बात पर विचार करने का भी है कि वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप पुस्तकों और पुस्तकालयों के विकास के लिए कौन-कौन से कदम उठाए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि हौज़ा इल्मिया की शैक्षणिक परंपरा में पुस्तकालय केवल किताबें एकत्र करने और सुरक्षित रखने का स्थान नहीं है, बल्कि यह शोध का महत्वपूर्ण आधार, विभिन्न विचारधाराओं के बीच संपर्क का माध्यम और अतीत की शैक्षणिक विरासत को वर्तमान पीढ़ी के शोध एवं ज्ञान संबंधी प्रयासों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण साधन है।

आयतुल्लाह आराफ़ी ने हज़रत इमाम जाफ़र सादिक़ (अ.) की एक रिवायत का उल्लेख करते हुए कहा कि आपने ज्ञान को लिखने, उसे दूसरों तक पहुँचाने और अपनी पुस्तकों को आने वाली पीढ़ियों के लिए विरासत के रूप में छोड़ने की ताकीद फरमाई है। इस रिवायत से ज्ञान के प्रसार और शैक्षणिक धरोहर को अगली पीढ़ियों तक पहुँचाने का महत्व स्पष्ट होता है। इस कार्य में पुस्तकालयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने आगे कहा कि हौज़ा इल्मिया के पुस्तकालयों को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की ज़रूरत है। इसके लिए पुस्तकों और शैक्षणिक संसाधनों में वृद्धि, विशेष विषयों पर आधारित पुस्तकालयों की स्थापना, सूचना एवं शोध सेवाओं में सुधार, आधुनिक तकनीकी सुविधाओं की व्यवस्था और विशेषज्ञ कर्मचारियों की नियुक्ति आवश्यक है। इन उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए उचित योजना और हौज़ा इल्मिया के जिम्मेदार अधिकारियों का निरंतर ध्यान भी ज़रूरी है।

पुस्तकालय प्रबंधकों की भूमिका और महत्व

हौज़ा इल्मिया के प्रमुख ने पुस्तकालयों के प्रबंधकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी जिम्मेदारी केवल पुस्तकों की देखभाल और उन्हें व्यवस्थित रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे शोधकर्ताओं का मार्गदर्शन करने, उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं को समझने और उन्हें आवश्यक जानकारी तक आसानी से पहुँचाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए उनके पेशेवर पद और कार्यक्षमता का सम्मान किया जाना चाहिए तथा उनकी क्षमताओं का पूरा लाभ उठाया जाना चाहिए।

छात्रों में अध्ययन की आदत को बढ़ावा देना आवश्यक

आयतुल्लाह आराफ़ी ने छात्रों में अध्ययन की रुचि विकसित करने पर ज़ोर देते हुए कहा कि शैक्षणिक और बौद्धिक क्षमताओं से संपन्न विद्यार्थियों के प्रशिक्षण के लिए आवश्यक है कि वे पाठ्यक्रम की पुस्तकों के अलावा अन्य ज्ञानवर्धक और शोधपरक पुस्तकों का भी अध्ययन करें।

उन्होंने कहा कि मदरसों में अध्ययन को प्रोत्साहित करना, उपयोगी पुस्तकों का परिचय कराना और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ स्वतंत्र अध्ययन को जोड़ना भी आवश्यक है।

आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और आधुनिक तकनीक से नई चुनौतियाँ

उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेजीजेंस और आधुनिक तकनीक के प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन तकनीकी प्रगतियों ने पुस्तक, शोध और ज्ञान के सृजन की अवधारणाओं में बड़े बदलाव किए हैं। इसलिए इस बात की आवश्यकता है कि इस्लामी विषयों में शोध के नए तरीकों को समझा जाए, धार्मिक एवं इस्लामी विरासत और विशेष रूप से शिया विद्वतापूर्ण धरोहर को सुरक्षित रखा जाए तथा विभिन्न पुस्तकालयों के बीच संपर्क और सहयोग की एक मजबूत व्यवस्था स्थापित की जाए।

अंत में आयतुल्लाह आराफ़ी ने पुस्तक एवं अध्ययन सप्ताह की शुभकामनाएँ देते हुए पुस्तकालय प्रबंधकों, शोधकर्ताओं, लेखकों और अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत सभी लोगों की सेवाओं की सराहना की। उन्होंने हौज़ा इल्मिया की शैक्षणिक प्रगति और इस्लामी शिक्षाओं के प्रसार के लिए सभी के प्रयासों में और अधिक सफलता की कामना की।

Read 3 times