मौलाना अमीन हैदर हुसैनी, नायब-ए-इमामे जुमा बनारस की इक्तिदा में जुमे की नमाज़ अदा की गई। ख़ुत्बा-ए-जुमा में मौलाना ने कहा कि इंसान की वास्तविक इज़्ज़त दौलत और संपत्ति से नहीं, बल्कि अच्छे किरदार, अख़लाक़, सच्चाई और तक़वा से हासिल होती है। उन्होंने आठवें इमाम हज़रत अली रज़ा (अ) की हदीस का हवाला देते हुए कहा कि अच्छे इंसान की पहचान यह है कि वह लोगों के साथ व्यवहार में ज़ुल्म न करे, बातचीत में झूठ न बोले और वादा करके उससे पीछे न हटे। मौलाना ने कहा कि समाज में अधिकांश मतभेद और रिश्तों में पैदा होने वाली दूरियां इन्हीं नैतिक उसूलों की अनदेखी का परिणाम हैं। उन्होंने क़ुरआन और अहलेबैत (अ) की शिक्षाओं पर अमल करने, आपसी संबंधों में मोहब्बत और इंसाफ़ बनाए रखने तथा पांचों वक्त की नमाज़ की पाबंदी करने पर ज़ोर दिया। उन्होंने हज़रत इमाम अली (अ) की हदीस बयान करते हुए कहा कि जो व्यक्ति अल्लाह से अपना रिश्ता सुधारता है, अल्लाह उसके लोगों के साथ संबंध भी सुधार देता है।
मौलाना ने ख़ुत्बा-ए-जुमा में तक़वा-ए-इलाही अपनाने और क़ुरआन व अहलेबैत (अ) की शिक्षाओं पर अमल करने की नसीहत करते हुए कहा कि अल्लाह तआला चाहता है कि इंसान केवल उसकी बातों को सुने नहीं, बल्कि उन पर अमल भी करे। वास्तविक कामयाबी इसी में है कि इंसान अपने किरदार, अख़लाक़ और व्यवहार को बेहतर बनाए तथा समाज में दूसरों के साथ इंसाफ़ और सच्चाई से पेश आए।
बनारस के नायब इमाम जुमा ने आठवें इमाम हज़रत इमाम अली रज़ा (अ) की एक हदीस बयान करते हुए फ़रमाया कि अच्छे इंसान की पहचान तीन बातों से होती है। पहली यह कि वह लोगों के साथ व्यवहार में किसी पर ज़ुल्म न करे, दूसरी यह कि बातचीत में झूठ न बोले और तीसरी यह कि जब किसी से वादा करे तो उसे पूरा करे।
उन्होने कहा कि जो व्यक्ति इन तीन बातों का पालन करता है, उसकी इंसानियत, शराफ़त और न्यायप्रियता स्पष्ट रूप से सामने आती है। समाज में बहुत-सी परेशानियां और आपसी मतभेद इन्हीं बुनियादी उसूलों की अनदेखी के कारण पैदा होते हैं। लोगों के साथ अच्छे व्यवहार का मतलब केवल व्यापार और लेन-देन तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में इंसाफ़ और शराफ़त से काम लेना ज़रूरी है।
मौलाना अमीन हैदर हुसैनी ने कहा कि पति-पत्नी के रिश्ते में भी एक-दूसरे के अधिकारों का ध्यान रखना और आपसी मोहब्बत व सम्मान बनाए रखना आवश्यक है। छोटी-छोटी बातों को नज़रअंदाज़ करने और एक-दूसरे की गलतियों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने से रिश्तों में दूरियां पैदा होती हैं। यदि किसी मौके पर ख़ामोश रहने से विवाद समाप्त हो सकता है और किसी का नुकसान नहीं होता, तो ख़ामोशी और नज़रअंदाज़ करने से काम लेना बेहतर है। शरीयत ने इंसान को शाइस्तगी, मोहब्बत और अच्छे अख़लाक़ के साथ जीवन बिताने की शिक्षा दी है।
नायब इमाम जुमा ने झूठ के नुकसान बयान करते हुए कहा कि झूठ बोलना गुनाह होने के साथ-साथ इंसान की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी समाप्त कर देता है। जब कोई व्यक्ति बार-बार झूठ बोलता है तो लोग उसकी बातों पर भरोसा करना छोड़ देते हैं। इसलिए इंसान को अपनी इज़्ज़त और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए हमेशा सच्चाई का रास्ता अपनाना चाहिए।
वादा पूरा करने की अहमियत पर उन्होंने कहा कि वादा करके उसे पूरा न करना अच्छी इंसानी सिफ़त नहीं है। हालांकि यदि किसी को कोई वास्तविक और शरीअत की दृष्टि से मान्य मजबूरी पेश आ जाए, तो वह अलग बात है। लेकिन बिना किसी उचित कारण के वादाख़िलाफ़ी करना सही नहीं है। इंसान को चाहिए कि वह जो वादा करे, उसे पूरा करने की पूरी कोशिश करे।
मौलाना ने आगे कहा कि वास्तविक इज़्ज़त दौलत, मकान और संपत्ति से नहीं, बल्कि अच्छे किरदार, अख़लाक़ और तक़वा से हासिल होती है। पैसा आज है और कल समाप्त हो सकता है, लेकिन अच्छे व्यवहार और नेक किरदार से मिलने वाली इज़्ज़त लोगों के दिलों में हमेशा बाक़ी रहती है। इतिहास में ऐसे बहुत से लोग गुज़रे हैं जिनके पास दौलत और बड़ी-बड़ी इमारतें नहीं थीं, लेकिन अपने अच्छे अख़लाक़ और किरदार के कारण आज भी याद किए जाते हैं।
मौलाना अमीन हैदर हुसैनी ने कहा कि अल्लाह तआला ने इंसान की रहनुमाई के लिए पैग़म्बरे इस्लाम (स) और अहलेबैत (अ) को भेजा, ताकि उनकी पैरवी करके इंसान आसानी से अल्लाह की बारगाह तक पहुंच सके। क़ुरआन और शरीयत इंसान को ऐसे रास्ते बताते हैं जिन पर चलकर वह दुनिया और आख़िरत दोनों में कामयाबी हासिल कर सकता है।
ख़ुत्बे के दूसरे हिस्से में मौलाना ने ख़ुद को और तमाम मोमिनीन को तक़वा-ए-इलाही अपनाने की नसीहत करते हुए हज़रत इमाम अली (अ) की हदीस बयान की। इमाम (अ) ने फ़रमाया:
जो व्यक्ति अपने और अल्लाह के बीच के संबंध को सुधार लेता है, अल्लाह उसके और लोगों के बीच के संबंधों को भी सुधार देता है।
उन्होने कहा कि इंसान का अल्लाह के साथ रिश्ता जितना बेहतर होगा, उसके दूसरे लोगों के साथ संबंध भी उतने ही अच्छे होंगे। अल्लाह से संबंध बेहतर बनाने का सबसे अहम ज़रिया नमाज़ है। पांचों वक्त की नमाज़ हर मुसलमान पर वाजिब है। जो व्यक्ति नमाज़ की पाबंदी नहीं करता, उसे अपने अल्लाह से अच्छे संबंध का दावा करने से पहले इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि वह अपने पालनहार के बताए हुए रास्ते पर कितना अमल कर रहा है।
बनारस के नायब इमाम जुमा ने कहा कि नमाज़ अल्लाह से संपर्क और उसकी बंदगी का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। इंसान को अल्लाह का शुक्र अदा करना चाहिए कि उसने उसे वाजिब नमाज़ अदा करने की तौफ़ीक़ दी। केवल ज़बान से नेक बंदा होने का दावा काफ़ी नहीं है, बल्कि इंसान के अमल से यह बात साबित होनी चाहिए।
अंत में मौलाना ने तमाम मोमिनीन के गुनाहों की मग़फ़िरत, समाज पर आने वाली बलाओं के दूर होने, मरजा-ए-एज़ाम की हिफ़ाज़त, ईरान की तरक़्क़ी और अमेरिका व इज़राइल की नीतियों के अंत की दुआ की।