आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद खुरासानी चिकित्सकीय जांच के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर लौट आए हैं। उनके कार्यालय ने उनकी सेहत में सुधार पर अल्लाह तआला का शुक्र अदा करते हुए उनके लिए दुआ और तवस्सुल करने वाले तमाम मोमिनों का आभार व्यक्त किया है।
आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद खुरासानी के कार्यालय ने अस्पताल से उनकी घर वापसी के अवसर पर एक बयान जारी किया है।
बयान में कहा गया है कि उनके अस्पताल में भर्ती होने के बाद देश-विदेश के बड़ी संख्या में मोमिनों और अकीदतमंदों ने उनकी जल्द सेहतयाबी के लिए दुआएं कीं। इस दौरान विशेष रूप से हज़रत फातिमा ज़हेरा (स.ल.) के वसीले से दुआ और मजलिसों के माध्यम से अल्लाह की बारगाह में उनकी सेहत के लिए प्रार्थना की गई।
कार्यालय के अनुसार, अल्लाह तआला के फज़्लो करम, अहलेबैत (अ.) की इनायत और मोमिनों की दुआओं एवं तवस्सुल की बरकत से आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद खुरासानी चिकित्सकीय जांच के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौट आए हैं।
बयान में उन सभी मोमिनों, अकीदतमंदों, मुकल्लिदों, देश की प्रमुख हस्तियों और अन्य लोगों का शुक्रिया अदा किया गया है, जिन्होंने फोन, संदेशों और अस्पताल में मुलाकात के जरिए उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा अपनी मोहब्बत और हमदर्दी का इज़हार किया।
कार्यालय ने डॉक्टरों, नर्सों, चिकित्सा कर्मचारियों और अस्पताल के अन्य कर्मियों की सेवाओं की भी सराहना की और उनके लिए अल्लाह से अज्र, सेहत और कामयाबी की दुआ की।
अंत में तमाम मोमिनों से अपील की गई है कि वे आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद खुरासानी की पूर्ण स्वास्थ्य लाभ और हमेशा सलामती के लिए अपनी दुआओं में उन्हें याद रखें।













