दोस्त के चयन के लिए पैग़म्बरे अकरम (स) के तीन मानदंड

Rate this item
(0 votes)
दोस्त के चयन के लिए पैग़म्बरे अकरम (स) के तीन मानदंड

इंसान की ज़िंदगी में दोस्त और हमनशीं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। दोस्तों की संगत इंसान के विचारों, नैतिकता और चरित्र पर गहरा प्रभाव डालती है। इस्लामी शिक्षाओं के अनुसार, अच्छा दोस्त वह है जिसकी संगत इंसान को ईश्वर की याद दिलाए, जिसकी बातचीत से ज्ञान में वृद्धि हो और जिसका चरित्र आख़िरत की चिंता पैदा करे।

आयतुल्लाह अल-उज़्मा महफ़ूज़ी ने पैग़म्बरे अकरम हज़रत मुहम्मद मुस्तफ़ा स.अ.की एक रिवायत बयान करते हुए अच्छे दोस्त की तीन महत्वपूर्ण विशेषताओं को स्पष्ट किया है।

आयतुल्लाह महफ़ूज़ी ने कहा कि रसूल-ए-अकरम स.अ.से पूछा गया कि अच्छे दोस्त के चयन का मानदंड क्या होना चाहिए? आपने फ़रमाया,ऐसा व्यक्ति, जिसे देखकर ईश्वर याद आए, जिसकी बातचीत से तुम्हारे ज्ञान में वृद्धि हो और जिसका अमल तुम्हें आख़िरत की याद दिलाए।

किन लोगों को दोस्त नहीं बनाना चाहिए?

क़ुरआने करीम भी बुरी संगत और गुमराह लोगों से दोस्ती के अंजाम के बारे में चेतावनी देता है। सूरए फ़ुरक़ान में इरशाद होता है:

**وَيَوْمَ يَعَضُّ الظَّالِمُ عَلَىٰ يَدَيْهِ يَقُولُ يَا لَيْتَنِي اتَّخَذْتُ مَعَ الرَّسُولِ سَبِيلًا ۝ يَا وَيْلَتَىٰ لَيْتَنِي لَمْ أَتَّخِذْ فُلَانًا خَلِيلًا ۝ لَقَدْ أَضَلَّنِي عَنِ الذِّكْرِ بَعْدَ إِذْ جَاءَنِي وَكَانَ الشَّيْطَانُ لِلْإِنْسَانِ خَذُولًا**

(सूरए फ़ुरक़ान, आयत 27, 28 और 29)

और उस दिन ज़ालिम अपने हाथों को काटेगा और कहेगा: काश! मैंने रसूल के साथ रास्ता अपनाया होता। हाय मेरी बदनसीबी! काश! मैंने फलाँ व्यक्ति को दोस्त न बनाया होता। उसने मेरे पास नसीहत आ जाने के बाद मुझे उससे गुमराह कर दिया और शैतान इंसान को बेसहारा छोड़ देने वाला है।

इसी सच्चाई को एक कवि ने इन शब्दों में बयान किया है:

बुरे लोगों की संगत में मत बैठो, क्योंकि बुरी संगत पाकीज़ा इंसान को भी दूषित कर देती है। हालाँकि सूरज रोशन होता है, लेकिन बादल का एक टुकड़ा भी उसे छिपा देता है।

आयतुल्लाह महफ़ूज़ी ने आगे कहा कि बुरे और बदचरित्र लोगों की संगत इंसान की नैतिकता और चरित्र पर नकारात्मक प्रभाव डालती है। अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली (अ.स.) से भी रिवायत है:

बुरे लोगों के साथ बैठना बुराई पैदा करता है, जैसे बदबूदार और गंदी जगह से गुज़रने वाली हवा अपने साथ बदबू ले जाती है।

ये बातें इस्लामी नैतिकता की महत्वपूर्ण शिक्षाओं में शामिल हैं। इनसे स्पष्ट होता है कि इंसान को दोस्तों के चयन में केवल बाहरी संबंधों या व्यक्तिगत हितों के बजाय उनके नैतिक गुणों, चरित्र तथा धार्मिक और शैक्षणिक प्रभावों को महत्व देना चाहिए।

स्रोत: किताब ‘अख़लाक़े इस्लामी

Read 3 times