मशहद मुक़द्दस में गुरुवार को अंतिम विदाई, नमाज़-ए-जनाज़ा और दफ़न में बड़ी संख्या में उलेमा, धार्मिक हस्तियों, सरकारी अधिकारियों और आम लोगों ने की शिरकत।
मरजए आली क़द्र आयतुल्लाहिल उज़्मा हुसैन वहीद खुरासानी (र.ह.) की नमाज़-ए-जनाज़ा और तदफ़ीन गुरुवार को ईरान के पवित्र शहर मशहद में पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई।
आयतुल्लाह वहीद खुरासानी (र.ह.) का जनाज़ा मशहद स्थित मदरसा-ए-इल्मिया आयतुल्लाह ख़ुई से चहारराहे शोहदा होते हुए हरम-ए-मुतहर इमाम रज़ा अ.स. पहुंचा। यहां सहने पैग़म्बर-ए-आज़म (स.अ.) में अंतिम मजलिस-ए-अज़ा आयोजित की गई।
ज़ोहरैन की नमाज़ के बाद मशहद के इमामे जुमा आयतुल्लाह सैयद अहमद अलमुलहोदा की इमामत में नमाज़-ए-जनाज़ा अदा की गई। इसके बाद मरहूम मरजअ-ए-आली क़द्र की वसीयत, परिजनों के अनुरोध और आस्ताने क़ुद्स रज़वी के मुतवल्ली की मंज़ूरी के अनुसार उनके पार्थिव शरीर को हरम-ए-इमाम रज़ा (अ.स.) के रिवाक़ दारुस्सआदा में, इमाम रज़ा (अ.स.) के मुक़द्दस क़दमों के निकट सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया।
इस अवसर पर ईरान के राष्ट्रपति के धार्मिक मामलों के सलाहकार हुज्जतुल इस्लाम अली इमाद, विज्ञान, अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री हुसैन सिमाई सर्राफ, संगठन-ए-तब्लीग़ाते इस्लामी के प्रमुख हुज्जतुल इस्लाम मोहम्मद क़ुम्मी, ख़ुरासान रज़वी में प्रतिनिधि-ए-वली फ़क़ीह आयतुल्लाह सैयद अहमद अलमुलहोदा और हौज़ा इल्मिया ख़ुरासान के प्रमुख हुज्जतुल इस्लाम अली ख़य्यात सहित कई प्रमुख धार्मिक एवं सरकारी हस्तियां मौजूद थीं।
ज्ञात हो कि गुरुवार शाम 6:30 बजे रहबर-ए-मुअज़्ज़म इंक़लाब इस्लामी की ओर से आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद खुरासानी (र.ह.) की याद में हरम-ए-इमाम रज़ा (अ.स.) के रिवाक़ इमाम
ख़ुमैनी (र.ह.) में मजलिस-ए-तरहीम आयोजित की जाएगी।
रवाक़ दारुस्सआदा का ऐतिहासिक महत्व
उल्लेखनीय है कि रिवाक़ दारुस्सआदा हरम-ए-मुतहर रज़वी के पूर्वी हिस्से में स्थित एक ऐतिहासिक रवाक़ है। इसका निर्माण क़ाजार शासनकाल से संबंधित है। सहने नौ सहने आज़ादी) के निर्माण के बाद 1251 से 1263 हिजरी क़मरी के बीच ख़ुरासान के गवर्नर अल्लाहयार ख़ान आसिफ़ुद्दौला के शासनकाल में ईवान-ए-तिलाई नासिरी और गुंबद-ए-हातम ख़ानी के बीच स्थित स्थान को छत से ढककर इसका नाम दारुस्सआदा रखा गया।
अपनी अनूठी गुंबदनुमा बनावट, मुक़र्रनसकारी और प्राचीन स्थापत्य शैली के कारण यह रिवाक़ ऐतिहासिक एवं वास्तुशिल्प की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।














