भारत ने ईरान से बढ़ाया तेल का आयात

Rate this item
(0 votes)
भारत ने ईरान से बढ़ाया तेल का आयात

भारत ने ईरान से कच्चे तेल का आयात बढ़ा दिया है और अप्रैल महीने में कच्चे तेल के आयात में 17 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी देखी गई है।
व्यापारिक सूत्रों से प्राप्त होने वाले आंकड़ों के अनुसार गत जनवरी से अब तक अप्रैल महीने में भारत की ओर से ईरान से किया जाने वाला तेल आयात सबसे अधिक रहा और भारत ने प्रति दिन 2 लाखा 25 हज़ार बैरल की दर से कच्चा तेल ख़रीदा है।
जनवरी से अप्रैल तक के बीच की अवधि में ईरान से भारत का तेल आयात आधे से भी कम हो गया था किंतु छह विश्व शक्तियों के साथ ईरान के परमाणु समझौते की संभावना बढ़ने के साथ ही भारत ने ईरान से तेल का आयात भी बढ़ा दिया है।
गत 18 अप्रैल को भारत का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल तेहरान आया था जिसने ईरान के साथ नए तेल समझौतों के बारे में संबंधित अधिकारियों से बातचीत की है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारत के पेट्रोलियम मंत्रालय के निदेशक श्री असुतोष जिंदल ने किया था। इस यात्रा के दौरान ईरान भारत संबंधों में विस्तार, ईरान से भारत के लिए तेल की सप्लाई मे वृद्धि, ईरान के ऊर्जा क्षेत्र में भारत की ओर से पूंजीनिवेश, ईरान से भारत प्राकृतिक गैस की सप्लाई के लिए समुद्र की गहराई में पाइपलाइन बिछाना वे मुद्दे थे जिन पर दोनों देशों के अधिकारियों के बीच बातचीत हुई।
ईरान से तेल ख़रीदने वाले देशों में भारत दूसरे नंबर है किंतु ईरान पर पश्चिमी देशों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के कारण भारत ने तेल का निर्यात कम कर दिया था।

 

 

Read 1107 times